गाजीपुर। बिरनो ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत बद्धुपुर स्थित बना अस्थाई गोशाला प्रदेश की सरकारी प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं। मगर यहां पर की गोशालाओं का बुरा हाल है। गोशालाओं में पल रहे पशुओं को खाने के लिए न हरा चारा है और न हीं भूसा। पशुओं का ठीक से इलाज भी नहीं किया जा रहा है। हालात यह है कि गोशालाओं में रोज एक-दो गायों की मौत हो रही है। गायों की दुर्दशा पर न जिला प्रशासन ध्यान दे रहा और न गोशाला संचालक।शहर में एक गोशाला और दूसरी नंदीशाला है। दोनों का संचालन नगर निगम प्रशासन की देखदेख में होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में 49 गोशालाएं अस्थाई तौर पर संचालित हो रही हैं। जहां एक के बाद एक गाय की मौत हो रही है। इसका कारण गोशालाओं व नंदीशालाओं में हरा चारा नहीं पहुंचना है। गोवंशों को यहां कैद जैसा करके रखा जाता है। चरने के लिए चरागाह की व्यवस्था नहीं है। कई पशुओं की बीमारी के चलते मौत भी हो चुकी है। इसके बाद भी गोवंशों की दशा पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसको लेकर सोशल मीडिया पर भी प्रशासन के रवैये को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।


