तमंचे के बल पर लुटा 30 हजार, पुलिस जांच मे जुटी
गाजीपुर। बदमाशों ने गोली मारकर 30 हजार की लूट की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि गोली किसी को लगी नहीं। मामला दुल्लहपुर के धर्मागतपुर—मलेठी मार्ग का है। जनरल व खाद्य सामग्री डिलीवरी वाहन के चालक को बदमाशों ने गोली मार दी। संयोग अच्छा रहा कि गोली उसको लगी नहीं बल्कि कंधे व चेहरे को छूते हुए निकल गई। जबकि मुनीब के सिर पर तमंचे की मुठिया से प्रहार करके घायल कर दिया गया। चालक सुधीर सदर कोतवाली के बकुलियापुर का रहने वाला है। जबकि मुनीब रौजा का निवासी है। वहीं एजेंसी मालिक अमित गाजीपुर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो बदमाश विपरीत दिशा से आकर एकाएक अपनी गाड़ी को वाहन के सामने खड़ा कर दिए। इसके बाद चालक को लक्ष्य करके सीधा फायर झोंक दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बिरनो व दुल्लहपुर की पुलिस जांच—पड़ताल कर रही है। वहीं घायलों को बिरनो सीएचसी ले जाया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिये भी बदमाशों के शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।


