तेज रफ्तार बस पलटी दो दर्जन घायल, रसङा से वाराणासी जाती है सवारी बस

तेज रफ्तार बस पलटी दो दर्जन घायल, रसङा से वाराणासी  जाती है सवारी बस

सैदपुर (गाजीपुर) : रसड़ा (बलिया) से वाराणसी जा रही यात्रियों से खचाखच भरी तेज रफ्तार निजी बस सादात मार्ग पर हीरानंदपुर के समीप गड्ढों में उछलने से करीब 15 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में 30 से अधिक सवारियां घायल हो गईं। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आस-पास के ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया। दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया, जबकि परिचालक घायल हो गया।

सैदपुर की आरयू सिंह बस सर्विस की बस प्रतिदिन शाम को रसड़ा से सवारी लेकर हंसराजपुर-शादियाबाद-सादात-सैदपुर होते हुए वाराणसी जाती है। मंगलवार को बस सादात से होकर सैदपुर के लिए चली थी। हीरानंदपुर गांव के समीप खराब सड़क और तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गई। इसके बाद यात्रियों में बचाओ-बचाओ की चीख पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शी विक्की में बताया कि चालक बहुत तेज गति से बस चला रहा था। सामने गड्ढा होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। सूचना पर एसडीएम ओमप्रकाश गुप्ता व कोतवाल तेजबहादुर सिंह पहुंचे। बस में पानी व ईंधन भरा गया। ये देख कोतवाल खुद ही पानी में कूद पड़े और लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। बुलडोजर बुलाया गया और बस को पलटकर देखा गया कि कोई अंदर दबा तो नहीं है। कोतवाल तेजबहादुर सिंह ने बताया कि सभी घायलों को सही सलामत बाहर निकाल लिया गया है।

निजी बसों की नहीं होती जांच

निजी बसें मनमानी रूप से संचालित हो रही हैं। बसों में यात्रियों को भूसे की तरह भरा जाता है। परिवाहन विभाग के जिम्मेदार इन बसों की चेकिंग भी नहीं करते हैं। जिम्मेदारी की रहनुमाई पर दौड़ रही कई बसों का परमिट भी नहीं होता है।

दुर्घटना में ये हुए घायल

हादसे में रसड़ा के विक्की यादव, उसकी मां लालसा, डहरा की सुशीला, उसकी बहू चंदा, तीन साल का बेटा अर्पण, मनिहारी के ओमप्रकाश सिंह, शादियाबाद की प्रतिमा सिंह, अफजाल, शिवपुर के मनीष कुमार, नैढ़ी का कंडक्टर संतोष मिश्र आदि घायल हो गए। वहीं कई आंशिक घायल किसी तरह से अपने गंत्व्य को चले गए।