2 हैंड ग्रेनेड के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

गाजीपुर-करंडा थाना क्षेत्र के दमोदरपुर डिहवा में शनिवार की शाम गंगा किनारे हैंड ग्रेनेड की तस्करी की सूचना पर एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने घेराबंदी कर छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जिसमें हिस्टीशीटर समेत शातिर अपराधी शामिल हैं। उनके कब्जे से दो हैंडग्रेनेड भी बरामद किए। शनिवार को एसटीएफ को बन्दीपट्टी उर्फ दामोदरपुर डिहवा में गंगा किनारे हैंड ग्रेनेड की तस्करी की सूचना मिली। टीम ने कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मेड दो जीवित हैंडग्रेनेट के साथ छह अपराधियों को दबोच लिया।

इसमें हिस्टीशीटर करंडा के दामोदरपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर विनय सिंह उर्फ विक्की पुत्र राम आशीष सिंह, महेश राजभर पुत्र महेन्द्र राजभर, नवीन पासवान पुत्र चन्द्रप्रकाश पासवान, अभिषेक सिंह पुत्र राणा प्रताप सिंह, रोहन राजभर पुत्र राम अवध राजभर, मनीष सिंह पुत्र राकेश सिंह शाामिल हैं। पूछताछ पर गिरफ्तार अभियुक्त महेश राजभर ने बताया कि मेरे गांव के निवासी अरविन्द, रोहित व बृजभान चेन्नई में एक फैक्ट्री में काम करते हैं, वहीं से हैंडगैनेड लेकर आए थे। हमें ग्रेनेड देकर बड़े अपराधी/माफिया गिरोह को बेचने के लिए बोला और इसकी राशि पर कमीशन की बात कही। गाजीपुर व वाराणसी में कई जगहों पर इसे बेचने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान माफिया धनजी गिरोह का सक्रिय सदस्य व थाना करण्डा गाजीपुर के हिस्ट्रीशीटर विनय सिंह उर्फ विक्की से संपर्क हुआ। ग्रेनेड को बेचने के लिए विक्की को गंगा किनारे बुलाया था। पुलिस के अनुसार विनय उर्फ विक्की वर्ष-2019 में हुई जिला पंचायत सदस्य पप्पू यादव की हत्या में शामिल था और हाल ही में जेल से छूटकर आया है। उसके खिलाफ करंडा थाने में पांच गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज है।