कहां गये दो लाल, दंपती करे चित्कार प्रशासन मौन

कहां गये दो लाल, दंपती करे चित्कार प्रशासन मौन

गाजीपुर। शहर कोतवाली इलाकों से 6 माह पूर्व लापता हुए दो भाइयों को पुलिस आज तक नही खोज सकी। पीड़ित मुख्यमंत्री के जनता दरबार से जिला के आला अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर काटते काटते थक चुका है। लेकिन उसके दोनों लाल का पता नहीं चल सका, पीड़ित ने आरोप लगाया कि अपहरणकर्ता खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहा हैं। पीड़ित पिता अब दोनों पुत्रों की बरामदगी की मांग को लेकर कड़ाके की ठंड में सोमवार को सरजू पांडे पार्क में धरना देने को विवश दिखा। पीड़ित ने डीएम को पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

पीड़ित हनुमान प्रजापति ने बताया कि 8 जुलाई को उनके दोनों पुत्र सच्चिदानंद एवं नागेंद्र प्रजापति स्कूल के पास से गायब हो गए। 20 अगस्त को इसकी जानकारी पुलिस को दी, कोई कार्यवाही नहीं हुई। यही नहीं 25 अक्टूबर 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचकर अपने दोनों पुत्रों के लिए प्रार्थना पत्र भी दिया। लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई। यही नहीं बीते 20 सितंबर को धरना के दौरान अपहरणकर्ताओं द्वारा समाजसेवी बोधा जयसवाल के मोबाइल पर धमकी भी दी गई। लेकिन पुलिस टीम कोई संज्ञान नहीं ले रही है। अपहरणकर्ता के ऊपर जंगीपुर थाने में गैंगस्टर की धारा लगी बताया गया। पीड़ित पिता ने चेताया कि जब तक बच्चे नहीं मिल जाते गाजीपुर, वाराणसी, लखनऊ और हम दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन करते रहेंगे। अगर धरना के दौरान पीड़ित हनुमान प्रजापति और समाजसेवी बोधा जयसवाल की जान माल को नुकसान होगा, तो जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने बताया कि एसपी सिटी की अगुवाई में जांच टीम गठित की गई है। जांच अधिकारी भी बदल दिए गए हैं। संभावित लोगों से पूछताछ की जा रही है। इधर एक कॉल डिटेल पुलिस को मिला है उसकी जांच की जा रही है।