यमुना तट पर सफाई का महाअभियान, वाईएसएस फाउंडेशन ने जगाई नई उम्मीद

यमुना तट पर सफाई का महाअभियान, वाईएसएस फाउंडेशन ने जगाई नई उम्मीद

नई दिल्लीl। यमुना नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के संकल्प के साथ वाईएसएस फाउंडेशन द्वारा आज युवा शक्ति घाट, कालिंदी कुंज पर एक विशाल "मेगा क्लीनिंग ड्राइव" का आयोजन किया गया। अभियान में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और यमुना तट से बड़ी मात्रा में कचरा हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने प्लास्टिक, पॉलीथीन, बोतलें तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर यमुना संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। प्रतिभागियों ने स्वच्छ पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का भी कार्य किया।

वाईएसएस फाउंडेशन के यमुना समन्वयक दिनेश कुमार ने बताया कि संस्था पिछले पाँच वर्षों से प्रत्येक रविवार नियमित रूप से यमुना स्वच्छता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा, "यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और पर्यावरणीय धरोहर है। पिछले पाँच वर्षों में हजारों स्वयंसेवकों ने इस अभियान से जुड़कर इसे एक जनआंदोलन का रूप दिया है। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे यमुना संरक्षण की इस मुहिम का हिस्सा बनें।"

वाईएसएस फाउंडेशन के निदेशक सचिन गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ यमुना केवल पर्यावरण का विषय नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का प्रश्न है। जनभागीदारी से ही यमुना को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि वाईएसएस फाउंडेशन द्वारा संचालित "जल है तो कल है" एवं "स्वच्छ यमुना मिशन" के अंतर्गत पिछले कई वर्षों से निरंतर जागरूकता एवं सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनसे हजारों नागरिक जुड़ चुके हैं।

अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने "स्वच्छ यमुना – स्वस्थ भविष्य" का संकल्प लिया और भविष्य में भी इस जनहित अभियान में सक्रिय योगदान देने का वचन दिया।
एक कदम यमुना के नाम, एक कदम स्वच्छ भविष्य के नाम।