विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर एक की मौत एक घायल
गाजीपुर वाराणसी-गाजीपुर फोरलेन पर थाना क्षेत्र के रजादी तिराहे पर बुधवार की शाम बाइक-डीसीएम के आमने-सामने की टक्कर में बाइक चालक की मौत हो गई। साथ ही पीछे बैठा युवक घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल को जिला अस्पताल भेजवाया। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवक कासिमाबाद से सैदपुर शादी का कार्ड देने जा रहे थे। रजादी तिराहे के पास वाराणसी की तरफ से आ रही डीसीएम ने सामने से टक्कर मार दी। आसपास के लोग पहुंचे तब तक बाइक चला रहे राहुल विश्वकर्मा (22) ग्राम शेखनपुर थाना कासिमाबाद की मौत हो चुकी थी। पीछे बैठा अमित विश्वकर्मा (21) घायल था जिसे अस्पताल भेजा गया। राहुल की भतीजी की 5 मई को शादी थी। थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि परिवार को सूचना दे दी गई है तथा डीसीएम का पता लगाया जा रहा है। राहुल के बड़े भाई विपिन ने थाने में तहरीर दी।


