बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के सम्बन्ध में विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के सम्बन्ध में विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन

नोएडा। बांग्लादेश में सरकार द्वारा पोषित मुस्लिम कट्टरपंथियों के द्वारा हिंदुओं, सिखों, बौद्धों, जैन और पारसी, ईसाई  जैसे अल्पसंख्यक समुदाय को प्रताड़ित किया जा रहा है। जब से बांग्लादेश में शेख हसीना का तख्तापलट हुआ है तब से नई कट्टरपंथी सरकार द्वारा अल्पसंख्यकों  पर अत्याचार का दौर रुक नहीं रहा  है और स्थिति अब यहां तक आ गई है कि अनेक अल्पसंख्यकों की हत्या कर दी गई है, उनके घरों को आग लगा दी गई है और उनके धार्मिक स्थानों को जला दिया गया है। पड़ोसी देश बांग्लादेश में इस भयावह  स्थिति को देखते हुए पूरे देश में आक्रोश है और स्थान-स्थान पर प्रदर्शन किये जा रहे हैं।

इसी क्रम में हिन्दू समाज के द्वारा  श्री सनातन धर्म रक्षा समिति के तत्वावधान में  नोएडा में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया गया तथा इस संबंध में सरकार को ज्ञापन दिया गया। इस विरोध प्रदर्शन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित इस्कॉन, ब्रह्माकुमारी, आर्य समाज, सिख पंथ, जैन, बौद्ध तथा ईसाई समुदाय के प्रतिनिधियों सहित अनेक साधु संतों और हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर संजय ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं को नुकसान पहुंचाने की साजिश की जा रही है, हिंदुओं और इस्कॉन के भक्तों की हत्या कर देने के नारे वहां लाउडस्पीकर से लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया की सीमा पर भी तनाव बढ़ाने के प्रयास हो रहे हैं। बांग्लादेश जैसा छोटा सा देश भारत को धमकी दे रहा है।  ब्रह्म कुमारी संस्था की बहन संध्या जी ने कहा कि बांग्लादेश में जो अमानवीय अत्याचार हो रहे हैं वह गहरी चिंता का विषय हैं। दुनिया में शांति केवल और केवल आध्यात्मिक मार्ग के द्वारा ही लाई जा सकती है। जब तक लोग अपने भीतर इस बात को अनुभव नहीं करेंगे तब तक इस प्रकार की घटनाएं होती रहेंगी। भारत दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम का संदेश देता है।

बाबा बालक नाथ सिद्धपीठ के महंत धीरज जी महाराज ने कहा कि हमारे देश में ऐसे अनेक गद्दार छिपे हैं जिनके कारण देश को नुकसान होता है, उन्होंने कहा कि अनेक मुद्दों पर बोलने वाले लोग बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर होने वाले अत्याचार के मुद्दे पर चुप क्यों हैं? उन्होंने सरकार से भी अनुरोध किया कि इस विषय पर गंभीरता से विचार कर उचित कदम उठाए क्योंकि यदि अभी बांग्लादेश की स्थिति को नहीं संभाला गया तो आने वाले समय में ऐसी ही स्थिति भारत में भी बन सकती है। देश के नागरिकों में आत्म सुरक्षा के भाव से ही देश मजबूत होता है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक के उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर ने कहा कि पाकिस्तान में हिन्दू 20 प्रतिशत से 2 प्रतिशत हो गया हम शांत रहे, कश्मीर हिन्दुओं से खाली हो गए तब भी हम शांत रहे, लेकिन अब हम शांत नहीं रहेंगे।  हिंदू वह है जिसने अयोध्या पर लगे 500 वर्ष पुराने कलंक को भी धो डाला है। उन्होंने कहा कि यह पहला समय है जब संपूर्ण भारत फिर से खड़ा हो गया है और भारत की नारी,  भारत की मातृशक्ति भी इस विरोध प्रदर्शन में अपना आक्रोश दर्शाने भारी संख्या में उपस्थित है।

भारत की नारी सरस्वती और लक्ष्मी के साथ दुर्गा, चंडिका और लक्ष्मीबाई भी है। उन्होंने कहा कि सभी को अपने आस-पड़ोस और मोहल्ले में प्रतिदिन एक घंटा समाज के लिए देना चाहिए और समाज को संगठित होने के लिए जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी देश में एक बहुत बड़ा समुदाय ऐसा है जिसे अपने ही देश के विषय में और बांग्लादेश में जो घट रहा है उसके विषय में जानकारी नहीं है।  यह हम सबका कर्तव्य बनता है कि हम ऐसे लोगों को जागरूक करें। उन्होंने जन समुदाय से अपील की कि सोशल मीडिया पर भी अपना आक्रोश अभिव्यक्त करें इस आक्रोश को संपूर्ण विश्व तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भारत अब जाग चुका है, भारत की शक्ति अब खड़ी हो चुकी है, भारत अब संघर्ष करने के लिए तैयार है।

उन्होंने सबसे आग्रह किया कि मंदिरों, गुरुद्वारों आदि स्थानों पर जाकर सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाएं और अपने आक्रोश को अभिव्यक्त करें। जब तक बांग्लादेश की समस्या का समाधान नहीं होता है तब तक गली मोहल्ले में छोटी-छोटी सभाएं हम आयोजित करेंगे, प्रदर्शन करेंगे, रैलियां निकालेंगे। संपूर्ण भारत में आक्रोश का जो उबाल आया है उसे तब तक नहीं थमने देंगे जब तक बांग्लादेश की समस्या का समाधान नहीं हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश का हिंदू सीना तानकर संघर्ष कर रहा है, अपना बलिदान दे रहा है कट्टरपंथियों का  सामना कर रहा है। बांग्लादेश के हिंदुओं का आत्म बल बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे समय में संपूर्ण विश्व ने भारत का साथ नहीं दिया तो एक समय ऐसा भी आएगा कि जब विश्व भी नहीं होगा, क्योंकि भारत है तो विश्व है। 

श्री सनातन धर्म रक्षा समिति के अध्यक्ष महंत आदित्य कृष्ण गिरी जी महाराज ने कहा कि अब हिन्दू समाज को सोचना होगा कि हमारी आबादी कम क्यों हो रही है?, पाकिस्तान, बांग्लादेश जैसे स्थानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को यह चिंतन करना होगा कि जिस स्थान पर वह बहुसंख्यक हुआ करता था वह धीरे-धीरे अल्पसंख्यक कैसे हो गया? उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को छत्रपति शिवाजी और चंद्रगुप्त बनाने की जरूरत है तभी भारत बचेगा। हम अफगानिस्तान और पाकिस्तान से खत्म हो गए और बांग्लादेश से भी खत्म होने की स्थिति में आ गए हैं। हिंदू समाज को अपने शौर्य को पहचानना होगा स्वयं को शक्तिशाली बनाना होगा।  अपनी आने वाली पीढियां को सशक्त करना होगा तभी हम सुरक्षित रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी हिन्दुओं को विधर्मियों का डटकर सामना करना होगा, अपने पूर्वजों के शौर्य और साहस को अपने में उतारना होगा। 

हजारों की संख्या में लोगों ने इस विरोध प्रदर्शन में सम्मिलित होकर अपना आक्रोश प्रदर्शित किया और सरकार को भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा के माध्यम से अपना ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नवाब सिंह नागर भी उपस्थित थे।