सिक्स सिग्मा दिल्ली पुलिस के युवा प्रोग्राम के तहद युवाओं को सिखा रहा है कोरोना मेडिकल मैनेजमेंट के गुर..
दिल्ली।PNI News। युवाओं के लिए दिल्ली पुलिस की युवा पहल और सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर ने कोविड-19 कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किया है। 10 दिवसीय प्रोग्राम में युवाओं को कोरोना माहमारी के विषय में पूर्ण जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्घाटन बुधवार को द्वारका क्षेत्र के एडिशिनल डीसीपी सतीश चन्द्र ने किया।

सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर के मुख्यकार्यकारीधिकारी डॉ. प्रदीप भारद्वाज ने कोरोना प्रबंधन के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि इस 10 दिवसीय कार्यक्रम के तहत युवाओं को कोविड-19 नामक माहमारी से अवगत कराने के साथ-साथ बीमारी से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा।

इस कौशल विकास प्रशिक्षण में युवाओं को उनकी क्षमता का एहसास कराने के साथ समाज के लिए कुछ करने का अवसर भी प्रदान करेगा। युवाओं को टेनिंग के दौरान कोरोना बीमारी, उसके लक्षण, सोशल डिस्टैसिंग, नर्सिंग केयर, मास्क का उपयोग, हाथ धोने की विधियां, होम आइसोलेशन, हेल्दी डाइट के अतिरिक्त कोविड संक्रमित व्यक्ति का इलाज करते समय उपयोग किए जाने वाले उपकरण (पल्स आॅक्सीमीटर, थर्मल स्कैनर, आॅक्सीजन कॉनसेंट्रेटर, रक्तचाप मापन व फ्लो मीटर के साथ आॅक्सीजन सिलेंडर का उपयोग) की पूर्ण जानकारी दी जाएगी। डॉ. प्रदीप भारद्वाज ने बताया कि सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर के सहायक निदेशक डॉ. आशीष शर्मा और सहायक निदेशक डॉ. भारत शर्मा युवाओं को कोविड-19 मेडिकल प्रबंधन का प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण के उपरांत लिखित और प्रयोगात्मक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा और परीक्षा में उतीर्ण प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।
बता दें कि सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर मिशन जिंदगी के तहत कोरोना से जंग लड़ रहा है। सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर राजधानी में दिल्ली सरकार के साथ मिलकर सात कोरोना केयर सेंटर का संचालन कर रहा है। यहां पर कोविड-19 से संक्रमित लोगों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और कई पीड़ित बीमारी से निजात पाकर अपने घरों को जा चुके हैं। इन कोरोना केयर सेंटरों पर डॉक्टरों सहित 120 से अधिक प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ कार्य कर रहा है जो किसी भी कठिन परिस्थितियों में कार्य करने के लिए प्रशिक्षित है।


