आईएमएस में फ्रेशर पार्टी का आयोजन
नोएडा।PNI News। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) नोएडा के छात्रों ने जूनियर के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया। मंगलवार देर शाम आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंतिम वर्ष के छात्रों ने तिलक लगाकर नए छात्रों को उनके आने वाले कल की शुभकामनाएं दी। आईएमएस स्कूल ऑफ आईटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मिस फ्रेशर और मिस्टर फ्रेशर का भी चयन किया गया।

बीसीए और एमसीए के छात्रों के लिए आयोजित फ्रेशर पार्टी का शुभारंभ आईएमएस की डीन प्रो. (डॉ.) मंजू गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके ठीक बाद मिस फ्रेशर और मिस्टर फ्रेशर के चुनाव की प्रक्रिया आरंभ की गयी। कार्यक्रम में मिस्टर फ्रेशर और मिस फ्रेशर के चुनाव के तीन राउंड रखे गए। छात्रों को प्रथम राउंड में रैंप वॉक कर अपना परिचय दिया, वहीं दूसरे राउंड के लिए टैलेंट हंट रखा गया, जिसमें प्रतिभागियों को दर्शकों द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देना था।
कार्यक्रम के दौरान श्रेष्ठ मिश्रा एवं आयुष अवस्थी ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा, वहीं मोना कुमारी एवं रितिका बिस्ट ने फिल्मी धुनों पर थिरक कर तालियां बटोरी। कार्यक्रम के दौरान निखिल एवं हर्ष मित्तल में ग्रुप डांस पेश कर अपनी अदाकारी से सभी को मंत्रमुग्ध किया।
कार्यक्रम के अंत में आईएमएस स्कूल ऑफ आईटी के संयोजक डॉ. रोहित कुमार ने एमसीए छात्र आतुर को मिस्टर फ्रेशर और सांचीको मिस फ्रेशर के खिताब से नवाजा, वहीं बीसीए में आयुष अवस्थी को मिस्टर फ्रेशर और अनन्या को मिस फ्रेशर के खिताब से सम्मानित किया।


