नोएडा वासियों ने दी अपने चहेते संजय लोढा को अनूठी संगीत मय श्रद्धांजलि
नोएडा।PNI News। सिंधी सोसायटी नोएडा के पूर्व अध्यक्ष व जेवीसीसी कराओके क्लब के संचालक संजय लोढा के असामयिक निधन से हतप्रभ एवं व्यथित शहर वासियों ने बीते रविवार को उनको एक अनूठी ऑनलाइन संगीतमय श्रद्धांजलि दी। भारतीय सिंधु सभा के प्रदेश अध्यक्ष एन.के.जोतवानी ने बताया के संजय लोढा एक इन्वेस्टमेंट बैंकर, एजुकेशनिस्ट व बहुआयामी प्रतिभाओं के धनी खुशदिल इंसान थे। उनका सपना था की इंटरनेट के माध्यम से देश के गांव गांव तक मुफ्त शिक्षा पहुचाई जाय, जिसको साकार करने में वो दिन रात प्रयासरत थे।
श्रद्धांजलि सभा के आयोजक ग्रुप कैप्टन मेहरा ने बताया कि संजय ने जलवायु विहार नोएडा में रहते हुए वहां के कई सेवानिवृत्त वरिष्ठ सेना अधिकारियों के साथ एक कराओके क्लब का गठन किया और हम सभी को अपनी जिंदादिली और अपनत्व से आकर्षित व अभिभूत किया। उनको लोगो के दिलों में रहने की कला थी। इसीलिए शायद ईश्वर ने 52 वर्ष की आयु में ही ऐसे नेकदिल इंसान को अपने पास बुला लिया।
सभा संचालक मेजर जनरल सुनील कुमार ने कहा कि आज संजय हमारे बीच नहीं हैं लेकिन फिर भी वह अपनी इंसानियत, नेक नियत और अपने गीतों के माध्यम से हमारे दिलों में हमेशा बसे रहेंगे।उनका अधूरा सपना जरूर पूरा होगा।
श्रद्धांजलि सभा में कर्नल हरीश, रितु सचदेव, कमांडर आलोक माथुर, विपिन सागर, शालिनी माथुर श्वेता प्रभु, प्रेम बांगा, वंदना सक्सेना, मोहित, विकी, पूनम आलोक, एस एन शर्मा, रजनी मेहरा, डॉ अशोक दुआ, डॉ पी कुमार, मनीष श्रीवास्तव, विद्या नायक, सुनयना अग्रवाल, राधिका माथुर, राज पराशार, वेंकी, चित्रा सहजवानी, प्रेम प्रकाश, विवेक सागर व अनीता लोढा (बहन) ने भी अपने विचार रखे और भजनों/गीतों के माध्यम से संगीतमय श्रद्धा सुमन अर्पित किए। संजय लोढ़ा अपने पीछे अपनी पत्नी शेफालिका, पुत्री आर्याही व पुत्र आर्यन को अकेला छोड़ गए हैं।


