तेज रफ्तार मोटरसाइकिल हुई टक्कर एक की मौत दो घायल
दुल्लहपुर : जलालाबाद-हंसराजपुर मार्ग पर बखरा (सिखड़ी) गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे दो बाइकों की टक्कर में प्राइवेट चिकित्सक की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी निवासी प्राइवेट चिकित्सक डा. राजकुमार सरकार (50) पिछले 30 वर्ष से सिखड़ी बाजार में परिवार के साथ रहकर प्राइवेट चिकित्सा का कार्य करते थे।शनिवार को बखरा स्थित पेट्रोल पंप से तेल लेकर सड़क पर आए थे कि विपरीत दिशा से आ रहे एक ही बाइक पर सवार दो युवकों से जबरदस्त टक्कर हो गई। इससे राजकुमार सरकार की मौत हो गई। वहीं दूसरे बाइक पर सवार शादियाबाद के सराय गोकुल निवासी विवेक राजभर और राम दयाल राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। डा. राजकुमार सरकार के परिवार में पत्नी डाली व तीन पुत्रियां नीलम, पूजा, गुड़िया व एक पुत्र आयुष सरकार है। पति की मौत के बाद पत्नी डाली सहित स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था।


