भारत विकास परिषद नोएडा द्वारा रक्तदान शिविर, गौ सेवा एवं वैदिक हवन का आयोजन
नोएडा। भारत विकास परिषद नोएडा द्वारा सामाजिक सेवा एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से श्रीजी गौ सदन, सेक्टर-94, नोएडा में रक्तदान शिविर, गौ सेवा तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान के अनुसार हवन एवं पूजन के साथ हुआ। उपस्थित सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने राष्ट्र की उन्नति, समाज के कल्याण तथा विश्व शांति के लिए आहुतियां अर्पित कर मंगलकामनाएं कीं।

इसके पश्चात आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, समाजसेवियों एवं परिषद के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। परिषद के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत गौ सेवा भी की गई, जिसमें गौमाता को हरा चारा, गुड़ एवं अन्य खाद्य सामग्री अर्पित कर उनकी सेवा की गई। उपस्थित जनों ने गौ संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने स्वादिष्ट प्रसाद ग्रहण किया तथा रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, सचिव अखिलेश भदौरिया, कोषाध्यक्ष अक्षय पारीक, संयोजिका (महिला सहभागिता) श्रीमती सुनीता मित्तल, संयोजक (सेवा) संजय गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण गोयल तथा उपाध्यक्ष भूपेन्द्र मित्तल ने कहा कि परिषद “सेवा, संस्कार एवं समर्पण” के मूल मंत्र के साथ समाजहित के विभिन्न कार्यों का निरंतर आयोजन करती रही है तथा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, समाजसेवियों एवं परिषद के सदस्यों—डॉ. टी. एन. गोविल, महेश बाबू गुप्ता, एन. के. अग्रवाल, विष्णु गोयल, राजीव अग्रवाल, केशव गंगल, डी. के. मित्तल, दीपक गुप्ता, रामरतन शर्मा, अरविंद कुमार, सचिन अग्रवाल, डॉ. यतेन्द्र राणा, सौरभ शर्मा, महेश चौहान एवं बृजमोहन अग्रवाल सहित सभी सहयोगियों—का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
परिषद की ओर से श्रीजी गौ सदन के अध्यक्ष विकास अग्रवाल एवं महासचिव श्री सुशील भारद्वाज का भी विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।


