कलयुगी बेटे ने लाठी-डंडे से पीटकर मां को उतारा मौत के घाट
गाजीपुर शहर कोतवाली के चक अब्दुल सत्तार गांव में बृहस्पतिवार को एक दिल को झकझोरने वाली घटना सामने आई है। जमीन के उपजे विवाद में मां और बेटे में लाठी-डंडा चलने से मां की मौत हो गई। इस घटना में जहां परिवार में कोहराम मच गया वहीं गांव के लोग भी हैरान रह गए। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जमुनी देवी (55) के ससुर ने अपने बड़े पौत्र विजय को कुछ जमीन पहले लिख दिया था। विजय शादी-शुदा है। जमुनी के और चार बेटे हैं। ऐसे में इसको लेकर आए दिन परिवार में विवाद होता था। जमुनी को अपने अन्य बेटों की चिंता रहती थी। ऐसे में उसका अपने बड़े बेटे से अक्सर ही विवाद होता था। बृहस्पतिवार की सुबह यह विवाद काफी बढ़ गया।
मां जमुनी देवी और बेटा विजय के बीच मारपीट की नौबत आ गई। इस दौरान बेटे ने मां पर डंडे से वार कर दिया, जिसमें वह गंभीर से लहूलुहान हो गई। गंभीर रूप से घायल जमुनी को आनन फानन में परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं महिला के पति शंभु बिंद ने थाना कोतवाली में बेटे, दो पोते, बहु और एक ग्रामीण समेत कुल पांच के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कोतवाल तेजबहादुर सिंह ने बताया कि पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।


