योग दिवस पर आयुष नेचुरोपैथी फाउंडेशन का भव्य आयोजन: सांसद, विधायक, और हज़ारों योग साधकों ने किया सहभाग
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष नेचुरोपैथी फाउंडेशन ने मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ योग (MDNIY) और सू्र्य फाउंडेशन (INO) के सहयोग से राजधानी दिल्ली सहित देशभर में अनेक स्थलों पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस वर्ष की थीम "एक धरती, एक स्वास्थ्य (One Earth, One Health)" को सार्थक बनाते हुए, लगभग 30 लाख लोगों ने विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास किया।

दिल्ली में मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशाखापट्टनम से प्रसारित संबोधन और कॉमन योग प्रोटोकॉल सत्र के साथ सुबह 6:30 बजे हुई। इसके पश्चात 7:00 से 7:45 बजे तक योग अभ्यास कराया गया। इस सत्र का नेतृत्व योगाचार्य दिव्या जी और आरसी शुक्ला जी ने किया। इसमें विशेष रूप से बच्चों द्वारा प्रस्तुत योग परफॉर्मेंस ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, विधायक कुलवंत राणा, और जिला अध्यक्ष विनोद शेरावत, सांसद चंदोलिया ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "योग न केवल शरीर को निरोग बनाता है, बल्कि मानसिक शांति का भी माध्यम है।"
विधायक कुलवंत राणा ने कहा, “योग जैसे कार्यक्रमों से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।” जिला अध्यक्ष श्री शेरावत ने न केवल कार्यक्रम में पूर्ण रूप से भाग लिया, बल्कि स्वयं योगाभ्यास कर उपस्थित जनसमूह को प्रेरित भी किया।
इस अवसर पर आयुष नेचुरोपैथी फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती रेखा तिवारी द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया और स्वयंसेवकों की अहम भूमिका की सराहना की गई।
फाउंडेशन ने इसी क्रम में अन्य स्थानों पर भी भव्य योग सत्रों का आयोजन किया:
-सेक्टर-16, रोहिणी स्थित दयानंद वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 600 योग साधकों ने भाग लिया। यह सत्र श्री सतीश गुप्ता के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
- सेक्टर-21, सेंट्रल पार्क, रोहिणी में आयोजित योग सत्र में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में डॉ. सतीश आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
- CRPF बटालियन 236, बवाना में आयोजित योग सत्र में 200 से अधिक सीआरपीएफ जवानों और अधिकारियों ने सहभागिता की। यह सत्र डॉ. आशीष शुक्ला के संयोजन में संपन्न हुआ।
इन सभी प्रयासों के पीछे सूर्या फाउंडेशन की प्रेरणा और मार्गदर्शन रहा, जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आनंद बिरादर, राजीव अग्रवाल, त्रिभुवन जी, और कृष्ण जी की टीम का विशेष योगदान रहा। सभी आयोजनों में प्रतिभागियों को INO और आयुष मंत्रालय की ओर से सहभागिता प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
इन आयोजनों की श्रृंखला 1 जून से 20 जून 2025 तक चली, जिसमें "योग संगम", "संयोग", "हरित योग", "योग समावेश", आदि शीर्षकों के तहत देशभर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस पूरे अभियान को सफल बनाने में आयुष मंत्रालय, MDNIY, CCRYN, और राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (NIN) का भी महत्त्वपूर्ण सहयोग रहा।
डॉ. आनंद बिरादर, श्री सुनील गुप्ता, और रेखा तिवारी ने अंत में सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और सहायक संस्थाओं का आभार प्रकट किया और योग को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प को दोहराया।


