असामाजिक तत्वों की अब खैर नहीं- पुलिस अधीक्षक ग्रामीण

असामाजिक तत्वों की अब खैर नहीं- पुलिस अधीक्षक ग्रामीण

बिरनो (गाजीपुर) भङसर पुलिस चौकी से शनिवार की शाम आगामी त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिरनो पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजधारी चौरसिया ने कहा कि संगठित अपराध व शांति व्यवस्था में खलल डालने कि मंशा पाले असामाजिक तत्वों के मंसूबे को पुलिस नाकाम कर देगी। इसके लिए अभी से खुफिया तंत्र ने अपना जाल फैला रखा है। वह अपराधियों व उनके शरणदाताओं पर पैनी नजर लगाए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि अपराधी समाज में एक दूसरे के बीच वैमनस्यता फैलाने में लगे हैं। पुलिस पूरी ताकत के साथ उनके फन को कुचलने में लगी है। गांव में एक दूसरे के बीच सामाजिक सौहार्द बना रहे, इसके लिए आपस में मिल-जुलकर रहना होगा। पुलिस दिन रात लोगों कि सुरक्षा में जुटी है। सही मायने में इन अपराध व अपराधियों पर रोकथाम तभी संभव है, जब जनता इसमें सहयोग करे। संगठित अपराध और अपराधियों के खात्मे के लिए हम सभी ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ एकजुट हों और पुलिस के हाथ मजबूत करें। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा कि अगर संगठित अपराध जैसे मादक पदार्थों की बिक्री, जुआ, महिला अपराध आदि के बारे में तुरंत स्थानीय पुलिस को या कंट्रोल रूम के 112, महिला हेल्पलाइन 1090 नंबर पर या फिर थाने जाकर सूचना दे सकते हैं, ताकि समय रहते ऐसे लोगों पर कार्रवाई हो सके। इसमें बिरनो थानाध्यक्ष संतोष कुमार, उप निरीक्षक रितेश द्विवेदी, सुरेंद्र कुमार, दयाराम मौर्य सहित महिला और पुरुष कांस्टेबल मौजूद रहे l