जसपाल सिंह बने आईटीबीपी के तीसरे नॉन-आईपीएस 'एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस'
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में जसपाल सिंह की पदोन्नति एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि वे इस प्रतिष्ठित बल में "एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस” (ADG) का पदभार संभालने वाले तीसरे नॉन -आईपीएस अधिकारी बने हैं। इस पद को प्राप्त करने वाले पहले अधिकारी रावत थे। जसपाल सिंह की असाधारण नेतृत्व क्षमता, अद्वितीय साहस, और विविध कार्य अनुभव ने उन्हें इस सम्मानित स्थान तक पहुंचाया है।
जसपाल सिंह ने सिक्किम के नाथुला मार्ग से कैलाश यात्रा का नेतृत्व किया और इसके आयोजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे यह यात्रा न केवल संभव बल्कि सुरक्षित भी बनी।

1987 में आईटीबीपी में असिस्टेंट कमांडेंट के रूप में सेवा प्रारंभ करते हुए, श्री सिंह ने आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, और वीआईपी/वीवीआईपी सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट कार्य किया है। आईटीबीपी अकादमी, मसूरी और 86 बीटीसी, भानू में प्रशिक्षक के रूप में उनकी भूमिका ने अनेक अधिकारियों को कुशलतापूर्वक प्रशिक्षित किया है।
उनकी सेवा के गौरवशाली पलों में 2004 का वह समय भी शामिल है जब कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक के रूप में उन्होंने अनेक सर्बियाई नागरिकों की जान और संपत्ति की रक्षा की। लद्दाख में बटालियन कमांडर के रूप में, उनकी यूनिट ने 2006 में “सर्वश्रेष्ठ सीमा बटालियन ट्रॉफी” जीती।
अपने तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान लद्दाख सेक्टर में डीआईजी के रूप में उन्होंने उच्च ऊंचाई और कठोर भूभाग की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया। 2013 में डेपसांग और 2014 में चुमर में चीनी टकराव जैसी संवेदनशील परिस्थितियों को उन्होंने अत्यंत व्यावसायिकता के साथ संभाला और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे में सुधार भी किए।
सीमित संसाधनों के बावजूद, उन्होंने एक नया सेक्टर मुख्यालय स्थापित किया और केंद्रीय प्रशिक्षण कॉलेज, अलवर (राजस्थान) में 2017 से 2020 तक सफल नेतृत्व प्रदान किया। आईजी ऑप्स के रूप में, उन्होंने फॉरवर्ड बीओपी योजनाओं, पैट्रोल हट्स के निर्माण और ICBR-3 के तहत 33 नई सड़कों के विकास को कुशलता से पूरा किया। उनके नेतृत्व में 06 नई बटालियनों और एक सेक्टर मुख्यालय का गठन हुआ।
उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए उन्हें पुलिस पदक और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ, श्री जसपाल सिंह ने सेवा और देशभक्ति की मिसाल कायम की है। उनके इस पदोन्नति से आईटीबीपी और पूरे राष्ट्र को गर्व की अनुभूति होती है।
इस अवसर पर डॉ प्रदीप भारद्वाज, सीआईओ - सिक्स सिग्मा ने कहा की श्री जसपाल सिंह जी ने पहाड़ का सम्मान बढ़ाया है और पैरा मिलिट्री फ़ोर्स में एक ज़बरदस्त मुक़ाम हासिल किया है ।


